राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल-3 के लिए कमर कसी, टीवी अभियान आज से
रोबिन थामस
इंडियन प्रीमियर लीग के सीजन-3 में लगभग एक महीना बाकी है और 8 आईपीएल फ्रेंचाइजी इस टूर्नामेंट के लिए कमर कसे हुए हैं। इस बीच राजस्थान रॉयल्स ने घोषणा की है कि वे अपने टाइटल स्पांसर अल्ट्राटेक के साथ तीसरे सीजन में भी संबंध जारी रखेंगे। इस टीम के अन्य स्पांसरों में मूव, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसिज, किंगफिशर तथा रिगली शामिल हैं। टाइम्स नाउ तथा आज तक इसके मीडिया पार्टनर हैं जबकि राजस्थान रॉयल्स अभी रेडियो पार्टनर की खोज में है।
राजस्थान रॉयल्स के मालिक एमर्जिंग मीडिया अपना टीवी अभियान आज 15 फरवरी से आरंभ कर रहे हैं। आईपीएल फ्रेंचाइजी ने टीम की भागीदार शिल्पा शेट्टी के साथ विभिन्न टीवी चैनलों पर म्यूजिक वीडियों लांच किया है तथा टीम के मास्कट, मूंछों वाले शेर ‘मूछू सिंह’ का अनावरण भी किया है। शिल्पा शेट्टी ने एक कन्या विधालय को अपनाया है, जिसका मकसद है कि छोटी लड़कियों में जानकारी बढ़े तथा खेल के प्रति उत्सुकता जगे।
पिछले दो सालों की अपेक्षा इस वर्ष राजस्थान रॉयल्स ने अपना मार्केटिंग बजट काफी बढ़ा दिया है। राजस्थान रॉयल्स के चीफ मार्केटिंग आफिसर रघु अय्यर ने बताया, “हम सीजन-3 के बारे में अत्यधिक उत्सुक हैं और हमें विश्वास है कि इस साल का आईपीएल कहीं ज्यादा बड़ा और ज्यादा बेहतर होगा। हम जयपुर और अहमदाबाद में खेलने के लिए बहुत उत्सुक हैं और इस सीजन को अपने समर्थकों के लिए यादगार बनाना चाहते हैं। अभी तक की हमारी सारी योजनाएं ठीक चल रही हैं और इस सीजन की तैयारी में जुटे हुए हैं।“
इस महीने के शुरू में राजस्थान रायल्स ने सुविधा इन्फोसर्व को अपना एक्सक्लूसिव रिटेल पार्टनर नियुक्त किया था, जिससे देश भर के 18,000 स्टोरों पर राजस्थान रॉयल्स के जयपुर और अहमदाबाद में होने वाले सातों मैचों के टिकट बेचे जाएंगे।
राजस्थान रायल्स ने इस वर्ष जनवरी में आईपीएल के खिलाड़ियों की नीलामी के समय आस्ट्रेलियन बैट्समैन डेमियन मार्टिन तथा ऐडम वोग्स को टीम में ले लिया था।
- Category:

