भारत में क्षेत्रीय मीडिया मार्केट का भविष्य
आरिफ खान मंसूरी
समाचार4मीडिया.कॉम
स्टार इंडिया ने 10 फरवरी को रिजनल मार्केट पर एक सेमिनार का आयोजन किया। इस सेमिनार का आयोजन दिल्ली के ललित होटल में किया गया। इसमें मीडिया के क्षेत्रीय बाजार तथा उसके विकास के तरीकों पर बात की गई। सेमिनार के प्रतिभागियों ने माना कि क्षेत्रीय मार्केट का भविष्य काफी उज्ज्वल है। इसमें स्टारकॉम वर्ल्डवाइड के तरुण दीप कुमार, मेडिसन मीडिया के सीईओ राजीव गोपीनाथ, स्टार नेटवर्क के दक्षिणी भारत के अध्यक्ष जगदीश कुमार, स्टार प्रवाह के जनरल मैनेजर रवीश कुमार और स्पैंसर रिटेल लिमिटेड की सोमिल शर्मा ने वक्ताओं के रूप में भाग लिया। सेमिनार के दौरान स्टार वर्ल्ड उपक्रम की क्षेत्रीय बाजारों में उपस्थिति पर एक संक्षिप्त प्रस्तुति पेश की।
स्टार वर्ल्ड के जगदीश कुमार ने कहा, “स्टार इंडिया ने दो साल पहले क्षेत्रीय मार्केट में प्रवेश किया है। इससे पहले हमें क्षेत्रीय बाजार की क्षमता के बारे में अंदाजा नहीं था। अभी हमने कुछ क्षेत्रीय बाजारों में प्रवेश किया है। हम इस मार्केट में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।”
क्षेत्रीय मीडिया मार्केट पर चर्चा करते हुए रवीश कुमार ने बताया, “क्षेत्रीय बाजार में विकास करने के काफी मौके हैं। आज के समय में रिजनल मार्केट बहुत तेजी से बढ़ रहा है।”
स्टार कॉम वर्ल्ड वाइड के तरुण दीप कुमार का कहना था, “पिछले कुछ सालों में मार्केट में बहुत बदलाव आये हैं। आज का मार्केट रिजनल मार्केट हो गया है। आजकल चैलनों पर कंटेंट भी क्षेत्रीय संस्कृति से जुड़ा हुआ दिखाया जा रहा है, जैसे बालविवाह, कन्या भ्रूण हत्या और अनेकों ऐसे ही मुद्दों से जुड़े कई प्रोग्राम चैनलों पर दिखाये जा रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि रिजनल मीडिया आने वाले समय में और बढ़ेगा।”
स्पैन्सर रिटेल लिमिटेड की सोमिल शर्मा के मुताबिक उपभोक्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने के लिए उनकी भाषा में बोलना जरूरी है। उपभोक्ता एक दूसरे से अपनी भाषा में बात करते हैं। अब कुछ बड़े ब्रांडों ने इसे अच्छे से समझ लिया है और अपना मैसेज उपभोक्ता तक उनकी अपनी भाषा में पहुंचा रहे हैं।”
मेडिसन मीडिया के राजीव गोपीनाथ ने बताया, “तृतीय श्रेणी के शहरों के दर्शक क्षेत्रीय मीडिया को बढ़ावा देने के बहुत सारे मौके देते हैं। आज के समय में ग्रामीणों और शहर के लोगों की मानसिकता एक समान होती जा रही है। इसलिए रिजनल मार्केट में ग्रोथ के अनेकों अवसर हैं।”
- Category:

