फिक्की फ्रेम्स की धमाकेदार पारी की तैयारी
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
फिक्की फ्रेम्स का तीन दिवसीय वार्षिक कार्यक्रम मुंबई में शुरू हो गया है। पवई के होटल रेनेसां में आयोजित इस कार्यक्रम में मीडिया और एंटरटेनमेंट क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां भाग लेगी। इस दौरान भारतीय फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने, एनीमेशन, इन्नोवेशन और उद्योग के विकास जैसे कई व्यापक विषयों पर चर्चा की जायेगी।
उद्घाटन समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी, फिल्म अभिनेता शाहरुख खान और कटरीना कैफ मौजूद रहेंगे। यशराज फिल्म्स के चेयरमैन यश चोपडा़ फिक्की मनोरंजन समिति के अध्यक्ष के रूप में और धर्मा प्रोडक्शन्स के निदेशक करण जौहर फिक्की मनोरंजन समिति के उपाध्यक्ष के रूप में श्रोताओं को संबोधित करेंगे।
इसके अलावा डब्ल्यूपीपी के ग्रुप चेयरमैन सर मार्टिन सोरेल, सन टीवी नेटवर्किंग के चीफ आपरेटिंग आफिसर अजय विद्या सागर, ब्यूबाइट्स के फाउंडर-चेयरमैन तथा रेडिफ.कॉम के सीईओ और फाउंडर अजीत बालकृष्णन, जेडब्ल्यूटी के क्रिएटिव डायरेक्टर और पे्रसिडेंट अनुजा चौहान, टीवी टुडे नेटवर्क लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और सीईओ जी. कृष्णन, माइक्रोसाफ्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के कंज्यूमर तथा ऑनलाइन डिवीज़न के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर हेमंत सचदेव, टाइम्स नाउ के एडिटर-इन-चीफ अर्नव गोस्वामी, जी न्यूज लिमिटेड के सीईओ बरुण दास और बीबीसी वल्र्डवाइड चैनल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर डेरेन चाइल्ड्स तथा कई अन्य लोग फिक्की फ्रेम्स की शोभा बढ़ाएंगे।
फिक्की फ्रेम्स में पिछली बार 35 देशों ने भाग लिया था जबकि इस बार तीस देशों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। आस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी, ग्रीक, हागंकाग, इटली, इजराइल, कोरिया, जापान, मलेशिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, सिंगापुर, साउथ अफ्रीका, स्विटजरलैंड, श्रीलंका, थाईलैंड, युनाइटेड अरब अमीरात, इंग्लैंड, अमेरिका और नीदरलैंड इस वर्ष फिक्की फ्रेम्स के साझेदार हैं।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं।
- Category:

