पत्रकारों को बेहतर स्वास्थ्य चिकित्सा के लिए सरकार गंभीर
समाचार4मीडिया.कॉम
इन दिनों सरकारें पत्रकारों के लिए तमाम तरह की योजनायें शुरू कर रही हैं। जहां एक तरफ दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पत्रकारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का दावा कर रही हैं वही दूसरी तरफ मध्य प्रदेश सरकार भी पत्रकारों को श्रद्धानिधि योजना के तहत पेंशन देने की बात कर रही है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने पत्रकारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए कहा है कि इस बारे में जो भी प्रस्ताव सरकार के समक्ष लाया जाएगा, उस पर तुरंत कार्यवाही की जाएगी। दीक्षित ने दिल्ली विधानसभा के प्रेस कक्ष में जाने-माने पत्रकार स्वर्गीय उमेश लखनपाल के चित्र का अनावरण करते हुए यह घोषणा की। उन्होने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए गंभीर हैं। दीक्षित ने स्वर्गीय लखनपाल के परिजनों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और पत्रकार समुदाय उनकी हर संभव मदद के लिए तैयार रहेगा।
मध्य प्रदेश सरकार ने भी कुछ दिन पूर्व यह घोषणा कि थी कि 65 साल से ज्यादा उम्र के पत्रकारों को श्रद्धानिधि योजना के तहत हर महीने पेंशन के तौर पर एक निश्चित राशि दी जाएगी। साथ ही पहली बार पत्रकारों को स्वास्थ्य बीमा के दायरे में भी शामिल किया गया है।
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं।
- Category:

