गोरखपुर में कांपैक्ट लांच, बरेली, मुरादाबाद औऱ अलीगढ़ की तैयारी

शिशिर शुक्ला

समाचार4मीडिया.कॉम
गोरखपुर में कांपैक्ट आज पाठकों तक पहुंच गया और खबर है कि गोरखपुर की जनता ने अमर उजाला के इस टैबलॉयड को हाथों-हाथ लिया। कांपैक्ट अपने नये रंग और नये लेआउट के साथ गोरखपुर में पहुंच चुका हैं। विधिवत हवन पूजन के बाद अमर उजाला के निदेशक राजुल माहेश्वरी ने प्रिंटिग मशीन का बटन दबाकर कांपैक्ट की इस नई पारी की शुरुआत की। इस अवसर पर अमर उजाला प्रबंधन से और भी कई वरिष्ठ गोरखपुर पहुंचे। समाचार पत्र के डिजायनिंग विभाग के हेड राजेश जेटली, अमर उजाला वाराणसी के स्थानीय संपादक तीर विजय सिंह, अमर उजाला गोरखपुर के प्रभारी मृत्युंजय कुमार, कांपैक्ट गोरखपुर के प्रभारी सुमन पाण्डे जैसे वरिष्ठ लोग लांचिंग के मौके पर मौजूद रहे।
 
कांपैक्ट की छवि एक साफ-सुथरे पारिवारिक अखबार की हैं और प्रबंधन का मानना है कि अपने बेहतर प्रजेंटेशन और हर वर्ग को शामिल करने वाले कंटेंट की बदौलत कांपैक्ट आम आदमी की आवाज बनेगा। इससे पहले अमर उजाला के इस टैबलायड को छह शहरों में काफी सराहना मिली हैं, गोरखपुर इसका सातवां पड़ाव हैं। गोरखपुर के बाद कांपैक्ट बरेली की ओर रूख करने की तैयारी कर रहा है।
 
समाचार4मीडिया.कॉम से बात करते हुये अमर उजाला के वाइस प्रेसींडेन्ट मार्केटिंग सुनील मुतरेजा ने बताया कि कांपैक्ट गोरखपुर लांच होने के बाद आने वाली 9 तारीख को बरेली में कांपैक्ट लांच होगा। बरेली के बाद क्रमश: मुरादाबाद, अलीगढ फिर हल्द्वानी में कांपैक्ट की लांचिग तय की गई है। मुतरेजा ने बताया कि आने वाले समय में कांपैक्ट पूरी हिंदी बेल्ट में छा जाएगा और इसकी आम आदमी का पारिवारिक अखबार वाली छवि में भी इजाफा होगा। इन शहरों से पहले कांपैक्ट कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी, आगरा, मेरठ और  देहरादून में अपनी पैठ बना चुका है।

 

नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं।

 

 

0
No votes yet
Your rating: None