कॉमनवेल्थ खेल: अंतरराष्ट्रीय प्रसारण के लिए दूरदर्शन ने ग्लोबल टीवी को दिए 68 करोड़

commonwealth_2010_logo.jpg

समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो 

दूरदर्शन ने कॉमनवेल्थ खेल के अंररराष्ट्रीय प्रसारण केंद्र के लिए आस्ट्रेलिया के ग्लोबल टीवी और उसके भारतीय सहयोगी को 68 करोड़ रुपये दिये हैं। अक्टूबर में होने वाले कॉमनवेल्थ खेल के लिए प्रसारण डिजाइन, स्थापना और ऑपरेशन का सारा कार्य कंपनी करेगी।
 
आस्ट्रेलिया के प्रमुख और टेलीविजन उद्योग में सबसे अनुभवी ग्लोबल टीवी को इस खेल के लिए कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में तीन महीने की मूल्यांकन अवधि के बाद चुना गया है। अंतरराष्ट्रीय प्रसारण केंद्र कॉमनवेल्थ खेलों के दौरान प्रसारण का मुख्य केंद्र होगा।
 
दूरदर्शन की महानिदेशक अरुणा शर्मा के अनुसार, कॉमनवेल्थ खेल के दौरान, अंतरराष्ट्रीय प्रसारण केंद्र में विश्व भर के प्रसारकों और पत्रकारों के लिए स्टूडियो और रिपोर्टिंग सुविधा मिलेगी। 8,000 वर्गमीटर में फैले अंतरराष्ट्रीय प्रसारण केंद्र में 1500 प्रसारण पेशेवरों को जगह मिलेगी।
 
शर्मा के अनुसार दूरदर्शन के द्वारा खेल के लिए कुल बजट 366 करोड़ का यह एक हिस्सा है। उन्होंने कहा दूरदर्शन केबल ऑपरेटर्स और मल्टी सिस्टम ऑपरेटर्स को कॉमनवेल्थ खेल के दौरान उपयोग में लाये जाने वाले हाई डिफीनीशन टेलीविजन के बारे में शिक्षित कर रहा है। शर्मा ने कहा कि वे दिल्ली और मुंबई में मल्टी सिस्टम ऑपरेटर्स और केबल ऑपरेटर्स के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात कर हाई डिफीनीशन टेलीविजन से संबंधित हर प्रकार के प्रश्नों का उत्तर देने की कोशिश कर रहे हैं।                                                                               
 
 21 वें कॉमनवेल्थ खेल दिल्ली में 3 से 14 अक्टूबर 2010 को आयोजित किया जायेगा। इस प्रतियोगिता में 17 खेलों के 8,500 खिलाड़ी और कॉमनवेल्थ खेल फेडरेशन के 71 देशों के अधिकारी भाग लेंगे।
 
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं या 09999064949 / 09818848564 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

0
No votes yet
Your rating: None