एडवरटाइजिंग स्टैंडर्ड काउंसिल ऑफ इंडिया ने 9 विज्ञापनों की जांच की

एक पर पाबंदी, चार अन्य में बदलाव

तसनीम लिंबडीवाला

एडवरटाइजिंग स्टैंडर्ड काउंसिल ऑफ इंडिया ने दिसंबर 2009 में रोके गए अथवा संशोधित किये गए विज्ञापनों के बारे में अपनी रिपोर्ट जारी कर दी है। काउंसिल ने कुल 9 विज्ञापनों की जांच की थी, जिनमें से एक पर पाबंदी लगा दी गई है तथा चार अन्य को संशोधित किया गया है। शेष चार विज्ञापनों पर लगाई गई आपत्तियों को कंज्यूमर कंप्लेंट काउंसिल ने सही नहीं माना।
टेलिमार्ट शापिंग नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड का सप्तर्षि श्री पंचमुखी हनुमान कवच ब्रांड का विज्ञापन रोक दिया गया है। विज्ञापन में कहा गया था कि इस ब्रांड में अलौकिक शक्तियां हैं जो आपको स्वास्थ्य, धन और बुद्धि से जुड़ी हर समस्या से मुक्ति दिलाकर शक्ति और स्फर्ति प्रदान करती हैँ। कंज्यूमर कंप्लेंट काउंसिल के अनुसार विज्ञापन में बताए गए दावों को सही ठहराने को कोई आधार नहीं दिया गया है अत: इस पर रोक लगा दी गई है।
वेस्ली इंटरनेशलन लिमिटेड द्वारा जारी इसके उत्पाद सुपरमैक्स अल्टीमेट 3 ब्लेड इन्नोवेशन में कहा गया है कि यह ‘जीरो इरीटेशन’ के साथ ‘अंतहीन शेव’ देता है। इस दावे को गलत और भ्रामक पाया गया। इसलिए इस विज्ञापन का प्रसारण-प्रकाशन स्थगित कर दिया गया था। कंपनी ने विश्वास दिलाया है कि वे विज्ञापन से ‘जीरो इरीटेशन’ तथा ‘अंतहीन शेव’ का दावा निकाल देंगे।
जिन अन्य विज्ञापनों को संशोधित किया गया है, उनमें नोवार्टिस इंडिया लिमिटेड का ऑट्रीविन नैसेल स्प्रे का विज्ञापन है जिसमें बिना किसी तर्कसंगत कारण के एक खतरनाक आदत को प्रमोट किया गया है। कंपनी ने इस टीवीसी में उपयुक्त संशोधन की बात मान ली है। एयरटेल डिजिटल टीवी के विज्ञापन को भी संशोधित किया जा रहा है क्योंकि इसमें बताया गया है कि एमपेग4 अथवा डीवीबीएस-2 के कारण इसकी पिक्चर-क्वालिटी बेहतर है, जो कि भ्रामक है।
यूनिचार्म इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का मैमी पोको पैंट्स का विज्ञापन भी अस्थाई तौर पर रोक दिया गया है क्योंकि विज्ञापन में इन्हें जापान में अव्वल नंबर के डायपर कहा गया है। यह दावा झूठा है और दर्शकों में भ्रम पैदा कर सकता है। वस्तुत: मैमी पोको डायपर कापर वह वेरिएंट जो भारत में बेचा जा रहा है, जापान में उपलब्ध ही नहीं है। कंपनी ने इसे संशोधित करना स्वीकार कर लिया है।
दूसरी ओर रेड बुल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ओरिअन एप्लाएंसिस के स्पेक्ट्रावाइड वाटर प्योरिफिकेशन सिस्टम का विज्ञापन, डाबर उवेदा फेयरनस क्रीम, न्यूट्रा स्काइन केयर के टापिक हेयर बिल्डिंग फाइबर वाले विज्ञापन सही पाये गए क्योंकि उनमें दावों की पुष्टि का सुबूत भी दिया गया है। अत: इनके विरुद्ध की गई शिकायतों को खारिज कर दिया गया है।

 

0
No votes yet
Your rating: None