आईपीएल के तीसरे सीजन में कमाई के सिक्सर लगा रहा सेट मैक्स
समाचार4मीडिया.कॉम ब्यूरो
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे सीजन से सेट मैक्स जमकर कमाई करने में जुटा है। ऐसा बताया जा रहा है कि चैनल सेमीफाइनल और तीसरे स्थान के लिए होने वाले मैच में अंतिम समय में विज्ञापन देने वालों से प्रति 10 सेकेंड के लिए लगभग 12 लाख रुपये मांग रहा है।
आईपीएल मैचों की बढ़िया रेटिंग की वजह से सेट मैक्स ने विज्ञापन की दरें बढ़ा दी हैं। सेट मैक्स ने पिछले वर्ष दक्षिण अफ्रीका में हुए आईपीएल के पिछले सीजन में सेमीफाइनल और फाइनल मैच के लिए 8-9 लाख रुपये वसूले थे लेकिन इस बार इस दर में काफी वृद्धि हो गई है। आईपीएल के पहले टूर्नामेंट सेमीफाइनल और फाइनल के लिए प्रति 10 सेकेंड के विज्ञापन की दर लगभग 6 लाख रुपये थी।
चैनल ने 21 और 22 अप्रैल को बंगलुरु में होने वाले सेमीफाइनल मैचों, तीसरे स्थान के लिए मुकाबले (24 अप्रैल को मुंबई) और मुंबई में 25 अप्रैल को खेले जाने वाले फाइनल मैच के लिए अपनी 10 फीसदी विज्ञापन इनवेंटरी प्रीमियम पर बेचने के लिए अलग रखी है। ज्यादातर खेल चैनल अपने विज्ञापन समय का बड़ा हिस्सा बल्क डील के जरिए टूर्नामेंट शुरु होने से पहले ही बेच देते हैं। कुछ इनवेंटरी वे बचाकर रखते हैं और इसे मैचों की टीवी रेटिंग के आधार पर बाद में प्रीमियम पर बेचा जाता है। टैम मीडिया के आंकड़ों के अनुसार देश में दो करोड़ से अधिक परिवार आईपीएल के मैच देख रहे हैं। यह संख्या पिछले सीजन के मुकाबले 40 फीसदी से अधिक है। टीवी चैनल सेट मैक्स को इस बार इंडियन प्रीमियर लीग से केवल विज्ञापन के जरिए लगभग 750 करोड़ रुपए की आमदनी की उम्मीद है। दक्षिण अफ्रीका में हुए इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन में चैनल ने 500 करोड़ रुपये और पहले सीजन में 350 करोड़ रुपये कमाये थे। ऐसी रिपोर्ट है कि टूर्नामेंट के को-प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर-वीडियोकॉन और वोडाफोन में से प्रत्येक ने 55 करोड़ रुपये का भुगतान किया है जबकि पेप्सी, सैमसंग, एलजी, एचयूएल, एयरटेल, डीटीएच और ह्युंडई जैसे नौ एसोसिएट स्पॉन्सर सेकेंड की संख्या के आधार पर लगभग 35-40 करोड़ रुपये चुकाएंगे।
सेट मैक्स के लिए आईपीएल कमाई का जरिया बना है। चैनल लीग मैचों में प्रति विज्ञापन स्पॉट 4-5 लाख रुपये कमा रहा है। पिछले सीजन में चैनल ने लीग मैचों में 10 सेकेंड के विज्ञापन स्पॉट के लिए 3-3.5 लाख रुपये वसूले थे। सेट मैक्स चलाने वाली मल्टी स्क्रीन मीडिया ने आईपीएल के नौ वर्ष तक प्रसारण के लिए अधिकार खरीदे हैं। चैनल इस सीजन में प्रति मैच अधिकतम 2,600 सेकेंड विज्ञापन दिखा सकता है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए वसूली जा रही विज्ञापन की दरें भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा खेले जाने वाले अंतरराष्ट्रीय मैचों औऱ पिछले वर्ष हुए चैंपियंस ट्रॉफी और चैंमियंस लीग जैसे बड़े टूर्नामेंट की विज्ञापन की दरों से भी अधिक है।
(इकनोमिक टाइम्स से साभार)
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं।
- Category:

