अमन की आस में मीडिया का प्रयास
समाचार4मीडिया ब्यूरो
सानिया-और शोएब मामले को लेकर जहां एक बार फिर से भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में कड़वाहट बढ़ रही है, वहीं दोनों देशों के मीडिया घरानों ने अमन के लिए एक सकारात्म प्रयास किया। हाल ही में भारत और पाकिस्तान के प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया के वरिष्ठ संपादक और एंकर एक साथ दिखे। अवसर था भारतीय समाचार पत्र टाइम्स ऑफ इंडिया और पाकिस्तानी अखबार जंग के मिले-जुले प्रयास ‘अमन की आशा’ के बैनर तले आयोजित टॉकिगं पीस कार्यक्रम। यह दोनों मुल्कों के बीच शांति बहाली के लिए एक सराहनीय कदम था।
कराची में हुई इस बैठक में दोनों ही देशों के पत्रकारों ने यह तय किया कि आपस में समभाव का महौल पैदा किया जाए और सूचनाओं को साझा किया जाए। इस दौरान इन मीडिया हस्तियों ने ऐसे कई सुझाव दिए, जिससे दोनों मुल्कों के बीच आपसी समझ पैदा हो सके। इसके तहत आपसी तालमेल और समझ को सुदृढ़ करने के लिए मीडिया कवरेज बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया गया।
दोनों पक्षों ने माना कि दोनों देशों में बीजा नियमों में सख्ती ने उन्हें अपने संवाददाताओं को वापस बुलाने पर मजबूर किया है। मीडिया के इन प्रतिनिधियों ने वीजा नियमों में ढील देने, दोनों चैनलों के प्रसारण पर से प्रतिबंध हटाने, पत्रकारों को आवाजाही की अनुमति देने जैसे सकारात्मक उपायों की जरूरत भी जताई। यह भी सुझाव दिया गया कि भारत पाकिस्तान के मुद्दों पर समाचारों का दायरा औऱ बढ़ाया जाए। सिर्फ राजनीति और सीमा विवाद को छोड़ मीडिया को एक-दूसरे की आर्थिक, मूलभूत संरचनाओं और सांस्कृतिक मुद्दो को भी जगह देनी चाहिए। भारत-पाकिस्तान के बीच विभिन्न मुद्दों जैसे कश्मीर, जल, आतंकवाद मसलों पर रिपोर्टरों को प्रशिक्षित करके खबरों के स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है। साथ मिलकर दोनों देशों के बीच पत्रकारिता के ‘कोड ऑफ एथिक्स’ तय करने का भी सुझाव रखा गया। साथ ही एक ऐसी वेबसाइट भी विकसित करने की बात कही गई जिसके जरिए दोनों देशों के पत्रकार एक-दूसरे के संपर्क में रह सकें। इससे दोंनों देशों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और तनाव को कम करने में मदद मिलेगी।
मीडिया हस्तियों की यह राय थी कि दोनों मुल्कों मे भारत-पाकिस्तान संबधों पर आक्रामक रूख रखने वालों को भी बातचीत में शामिल किया जाना चाहिए। यह उम्मीद जतायी गई कि इससे संकट के समय दोनों मुल्कों के संबंधो में तनाव का स्तर कम होगा। इस चर्चा की शुरूआत पनोस दक्षिण एशिया के बनाए गये प्रस्तुतिकरण से हुई। इसमें भारत और पाकिस्तान के संपादकों के बीच नौ सालों में हुए संवाद के परिणामों को पेश किया गया। इसे पनोस साउथ एशिया के कार्यकारी निदेशक एस पनीरसेल्वन ने पेश किया।
(दैनिक भास्कर से साभार)
नोट: समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडिया पोर्टल एक्सचेंज4मीडिया का नया उपक्रम है।समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें samachar4media@exchange4media.com पर भेज सकते हैं।
- Category:

