ABP: अब इन्हें मिली प्राइम टाइम शो ‘मास्टरस्ट्रोक’ की कमान...

एबीपी न्यूज पर तीन महीने पहले काफी जोरदार तरीके से शुरू किया गया...

Last Modified:
Friday, 03 August, 2018
masterstroke

समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।

एबीपी न्यूज पर तीन महीने पहले काफी जोरदार तरीके से शुरू किया गया प्राइम टाइम शो ‘मास्टरस्ट्रोक’ की कमान अब न्यूज चैनल की जानी-मानी सीनियर न्यूज एंकर चित्रा त्रिपाठी को दी गई है। बता दें कि ये शो टीवी न्यूज के सबसे अहम समय यानी प्राइम टाइम 9 से 10 बजे दिखाया जाता है, और इस अब तक पुण्य प्रसून बाजपेयी इसे होस्ट करते थे।

गौरतलब है कि एबीपी न्यूज ने पुण्य प्रसून बाजपेयी को अपने यहां नियुक्त कर ‘मास्टरस्ट्रोक’ के जरिए एक बड़ा दांव खेला था जो सफल न हो सका। ‘मास्टरस्ट्रोक’ शो रेटिंग्स की डगर पर हर रोज दम तोड़ता नजर आ रहा है। इस शो की असफलता ये भी रही है कि ये इनोवेशन के नाम पर कुछ नया नहीं कर सका, लिहाजा अब चित्रा त्रिपाठी के सामने ये बड़ी चुनौती है कि 9 बजे के प्राइम टाइम स्लॉट में कई धुरंधर संपादकों के लोकप्रिय शो से प्रतिस्पर्धा लेते हुए उन्हें 'मास्टरस्ट्रोक' को एक नए मुकाम पर पहुंचाना है।  

चित्रा तेजतर्रार पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। एबीपी न्यूज में वे कई अन्य शोज की एंकरिंग भी करती नजर आती हैं। वे एबीपी के साथ सितंबर, 2016 में जुड़ी थीं। इसके पहले तक वे ‘इंडिया न्‍यूज’ में थीं।

‘इंडिया न्‍यूज’ में एसोसिएट एडिटर रहीं चित्रा त्रिपाठी चैनल की प्राइम टाइम न्‍यूज एंकर थीं। वे करीब 13 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्‍होंने इंडिया न्यूज पर जीवन में खास उपलब्धि हासिल करने वाली भारतीय युवा महिलाओं पर आधारित शो ‘बेटियां’ का भी सफलतापूर्वक संचालन किया था। उनका ये शो चैनल के फ्लैगशिप शो में गिना जाता है।

पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्‍लेखनीय योगदान के लिए चित्रा त्रिपाठी को वर्ष 2014 में प्रतिष्ठित रामनाथ गोयनका अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है। यह पुरस्‍कार उन्‍हें जम्‍मू-कश्‍मीर में वर्ष 2014 में आई भीषण बाढ़ की बेहतरीन कवरेज के लिए दिया गया था। इसके अलावा उन्हें अपनी स्‍टोरी ‘हिन्‍दुस्‍तान का मिशन जय हिन्‍द’ (Hindustaan ka Mission Jai Hind) के लिए भारतीय सेना की ओर से प्रशंसा पत्र भी मिल चुका है।

‘इंडिया न्‍यूज’ से पूर्व चित्रा ‘सहारा समय’ (Sahara Samay) में न्‍यूज एंकर/ प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत थीं। चित्रा त्रिपाठी ने अपना करियर गोरखपुर दूरदर्शन से शुरू किया था। इसके बाद वे विभिन्‍न चैनल्‍स जैसे ‘News24’ और ‘ETV’ उत्‍तर प्रदेश एवं उत्‍तराखंड में भी काम कर चुकी हैं। चित्रा ने गोरखपुर विश्‍वविद्यालय से ‘डिफेंस स्‍टडीज’ में ग्रेजुएशन किया है और इसमें उन्हें गोल्‍ड मेडल भी मिला था।

एनसीसी का सी सर्टिफिकेट प्राप्‍त चित्रा को वर्ष 2001 में तत्‍कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से भी मिलने का मौका मिल चुका है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए