हिंदी न्यूज चैनल के दफ्तर में मिलीं दो लाशें, उड़ गए सभी के होश

न्यूज चैनल के दफ्तर में हुई एक बड़ी घटना ने सभी के होश उडाकर...

Last Modified:
Thursday, 07 March, 2019
Channel

समाचार4मीडिया ब्यूरो।।

न्यूज चैनल के दफ्तर में हुई एक बड़ी घटना ने सभी के होश उडाकर रख दिए हैं। खबर झारखंड की राजधानी रांची से है, जहां पर ‘साधना न्यूज़’ चैनल के दफ्तर में  महेंद्र अग्रवाल और हेमंत अग्रवाल नामक दो भाइयों के खून से लथपथ शव मिले हैं। बताया जाता है कि दोनों भाइयों की गोली मार कर हत्‍या की गयी है। दोनों बुधवार की शाम से गायब थे। अब पुलिस जांच कर रही है कि दोनों कि हत्या क्यों हुई और उनके शव न्यूज चैनल के दफ्तर में कैसे आए।

बताया जाता कि रांची के अशोक नगर के रोड नंबर – 1(A) में स्थित साधना न्यूज़ की फ्रेंचाइजी लोकेश चौधरी नामक व्यक्ति के पास है। वारदात के बाद लोकेश चौधरी फरार हो गया है। महेंद्र और हेमंत अग्रवाल दोनों मूलरूप से धनबाद के रहने वाले थे, लेकिन अभी वे परिवार के साथ रांची के लालपुर में स्थित शिवम अपार्टमेंट में रहते थे। दोनों का एयर कार्गो का बिज़नेस था। दोनों लोकेश चौधरी से कैसे जुड़े थे और किस मकसद से साधना न्यूज़ के दफ्तर में गए थे, यह फिलहाल पता नहीं चल सका है।

जानकारी के मुताबिक़, दोनों भाई बुधवार की शाम करीब चार बजे घर से स्कूटी से निकले थे, लेकिन कुछ घंटों के बाद ही दोनों का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया था। परिवार की एक महिला ने लोकेश चौधरी को फोन भी किया था, जिसने बताया था कि दोनों शायद मार्केट गए हैं। इसके बाद लोकेश चौधरी का मोबाइल भी बंद हो गया था।

अनहोनी की आशंका में परिजनों ने रांची के लालपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। जांच में दोनों के मोबाइल फोन की लोकेशन लगातार अशोक नगर की मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने गुरुवार को जब छापेमारी की, तब वहां दोनों भाइयों की स्कूटी कंबल से ढकी हुयी मिली। इसके बाद पुलिस ने बंद ऑफिस का दरवाजा तोड़ा, जिसके भीतर हेमंत और महेंद्र की लाश बरामद हुई।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए