मौर्य टीवी ऑन एयर हुआ
समाचार4मीडिया.कॉम
हरेश कुमार
प्रकाश झा का मौर्य टीवी पटना में ऑन एयर हो गया है, लेकिन चैनल के आधिकारिक रूप से शुरू होने की घोषणा जल्द ही की जाएगी। इसके साथ ही बिहार और झारखंड में क्षेत्रीय भाषा में इंफोटेनमेंट चैनल उपलब्ध हो जाएगा। वरिष्ठ टीवी पत्रकार मुकेश कुमार को चैनल का डायरेक्टर बनाया गया है, जो एडीटोरियल टीम को भी देखेंगे। चैनल में विवेक सच्चर को मार्केटिंग प्रमुख, सुनील अग्रवाल को मुख्य वित्तीय अधिकारी, विजय नाथ मिश्रा को जेनरल मैनेजर और गुंजन सिंहा को क्रिएटीव डायरेक्टर बनाया गया है। मौर्य टीवी की टैग लाइन है – पूरी ख़बर पक्की ख़बर। बिहार और झारखंड में टेलीविज़न न्यूज और ब्रॉडकॉस्टिंग के बहुत बङे मार्केट को देखते हुए प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक और स्क्रीन राइटर प्रकाश झा ने इस क्षेत्र में प्रवेश करने का निर्णय लिया है। एक्सचेंज4मीडिया से बात करते हुए प्रकाश झा ने कहा, “ यह पूरी तरह से क्षेत्रीय भाषा में बिहारी चैनल होगा। चैनल पूरी तरह से इंफोटेनमेंट चैनल होगा। हम लोग राज्य के मुद्दे को गंभीरता से उठायेंगे, साथ ही इस राज्य की प्रतिभा और महान हस्ती पर ज्यादा फोकस करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि यह बिहार का पहला सेटेलाइट चैनल है, और बहुत जल्द ही वे इंटरटेनमेंट सेक्शन, विश्लेषणात्मक एपीसोड और सूचना आधारित सीरिज भी शुरू करने वाले हैं। चैनल के मार्केटिंग योजना के बारे में उन्होंने कहा कि “ शुरूआत में हमलोग क्षेत्रीय मार्केट पर ध्यान दे रहे हैं, लेकिन जल्द ही हमलोग राष्ट्रीय मार्केट की ओर भी देखेंगे।” चैनल ने न्यूज कॉन्टेट के लिए न्यूज एजेंसीज से समझौता किया है। अभी चैनल में 150 कर्मचारी हैं और पटना से ऑनएयर हो रहा है। मौर्य चैनल के शुरू होने से पहले से बिहार में स्थापित ईटीवी बिहार, सहारा समय और महुआ टीवी को तगङी चुनौती मिल सकती है।
- Category:

