आईबीएन-7 के प्राईम टाइम में फेरबदल के साथ दो नए शो शुरु
आरिफ खान मंसूरी समाचार4मीडिया.कॉम आईबीएन-7 न्यूज चैनल ने प्राईम टाइम में थोङा फेरबदल करके दो नए शो शुरु किये हैं। ये दो शो “जागते रहो होशियार और “मुंबई न्यूज” के नाम से प्रसारित किये जायेंगे। रात को 11 बजे दिखाये जाने वाले “स्पीड न्यूज” प्रोग्राम को अब रात के 10 से 11 बजे दिखाया जायेगा। 11 बजे “जागते रहो होशियार” न्यूज प्रोग्राम दिखाया जायेगा और 11.30 बजे “मुंबई न्यूज” दिखाई जायेगी। आईबीएन-7 दिल्ली के लिए भी नया शो शुरु करने की योजना बना रहा है। समाचार4मीडिया से बात करते हुए आईबीएन-7 के मैंनेजिंग एडिटर आशुतोष ने “जागते रहो होशियार” शो के बारे में बताया “ये शो हमारे दर्शकों को नए तरीके से खबरों को दिखायेगा। इस शो के नए तरीके की वजह से दर्शकों का रुझान हमारी ओर ज्यादा होगा। शो में दर्शकों को हार्ड न्यूज हल्के फुल्के तरीके से दिखाई जायेगी। इस शो को पेश करने का तरीका बिल्कुल अलग होगा”। “मुंबई न्यूज” के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा “यह न्यूज बुलेटिन स्पेशली मुंबई के दर्शकों के लिए बनाया गया है। इस शो में मुंबई की खबरों पर फोकस किया जायेगा”। 11.30 बजे इस शो का टाइम रखने का कारण पूछने पर बताया “मुंबई के दर्शक देर रात तक टीवी देखते हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए शो का समय तय किया गया है”। साथ ही उन्होंने बताया “जिस तरह मुंबई शहर के लिए स्पेशल न्यूज शो दिखाया जा रहा है उसी तरह आने वाले समय में दिल्ली के लिए भी दिल्ली न्यूज नाम से नया शो शुरु किया जायेगा। इस शो में दिल्ली की सभी खबरों को दिखाया जायेगा”।
- Category:

